घर में घुसकर परिवार पर हमला, फिर परछी में लगाई आग; सीधी पुलिस ने 13 आरोपियों को दबोचा

सीधी। कमर्जी थाना क्षेत्र के ग्राम मरसर में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट और आगजनी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह परदेशी रजक सहित उसके परिजन लाठी-डंडे, हंसिया और टांगी लेकर शिवकुमार रजक के घर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने शिवकुमार रजक और उनके परिवार के 7 सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें सभी घायल हुए।
मारपीट के बाद आरोपियों द्वारा घर की परछी और लकड़ियों में आग लगाने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना की रिपोर्ट पर कमर्जी थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने 3 सितंबर को 13 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई एसपी संतोष कोरी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी रविप्रकाश के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सुधाकर परिहार के नेतृत्व में की गई। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।




