यूट्यूबर मनीष पटेल फिर विवादों में, वीडियो को लेकर ब्राह्मण समाज में आक्रोश

रीवा। बघेली वीडियो के जरिए पहचान बनाने वाले रीवा के यूट्यूबर मनीष पटेल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। वैलेंटाइन-डे के अवसर पर सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो को लेकर ब्राह्मण समाज ने आपत्ति जताई है और इसे आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि वायरल वीडियो में ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति बन गई।
मंगलवार को ब्राह्मण समाज से जुड़े सैकड़ों लोग एकत्रित होकर थाने पहुंचे और मनीष पटेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा उनके यूट्यूब चैनल पर कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायती आवेदन सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि पुलिस स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो वे न्यायालय का रुख करेंगे।
ब्राह्मण समाज का आरोप है कि मनीष पटेल पूर्व में भी कॉमेडी के नाम पर धार्मिक और सामाजिक वर्गों पर टिप्पणी करते रहे हैं। प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान में विंध्य क्षेत्र में यूजीसी और आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर पहले से संवेदनशील माहौल है, ऐसे में इस तरह की सामग्री सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी मनीष पटेल के कुछ वीडियो विवादों में रहे हैं, जिन पर आपत्ति दर्ज होने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। हालांकि इस बार समाज ने एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग पर रुख कड़ा कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीडियो की जांच की जा रही है और साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




