रात 10 बजे अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-SP, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

रीवा के संजय गांधी अस्पताल में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने रात करीब 10 बजे आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इमरजेंसी सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लेकर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी।
इमरजेंसी वार्ड के बाहर साफ-सफाई की स्थिति कमजोर मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और प्रभारी डीन डॉ. मनोज इंदुरकर को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही मरीज के साथ केवल एक अटेंडर को रहने की अनुमति देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि वार्डों में अनाधिकृत लोगों का प्रवेश रोका जाए और मरीजों से मिलने के लिए निर्धारित समय तय किया जाए।
ऑर्थोपेडिक्स वार्ड में पुराने गद्दे खुले में पड़े मिलने पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित इंचार्ज का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी समिति सृष्टि देशमुख, एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




