वन व्यवस्थापन को लेकर सीधी में कार्यशाला, गोपद बनास और कुसमी से शुरू होगी प्रक्रिया

सीधी। वन व्यवस्थापन को लेकर जिला स्तर पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न प्रावधानों, प्रक्रियाओं और विभागीय जिम्मेदारियों पर चर्चा की। कार्यवाही के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी मंथन किया गया।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन व्यवस्थापन से जुड़ी सभी कार्रवाई शासन के निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुसार की जाए। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए राजस्व और वन विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें।
गोपद बनास और कुसमी से होगी शुरुआत
कलेक्टर ने वन व्यवस्थापन से संबंधित कार्रवाई की शुरुआत गोपद बनास और कुसमी क्षेत्र से करने के निर्देश दिए हैं। शुरुआती चरण में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद वहां से मिले अनुभवों के आधार पर आगे की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से लागू किया जाएगा।
कार्यशाला में अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वनमंडलाधिकारी प्रीती अहिरवार, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, सभी उपखंड अधिकारी और वन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



