सिंगरौली: जमीन विवाद ने ली भाई की जान, बड़े भाई ने छोटे को उतारा मौत के घाट

सिंगरौली। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के बलहवा गांव में जमीन विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात बुधवार को सामने आई, जब विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने धारदार हथियार से छोटे भाई पर हमला कर दिया।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, परिवार को सरकार द्वारा पांच एकड़ वनभूमि दी गई थी, जिस पर वे पुश्तैनी रूप से काबिज थे। कुछ साल पहले पिता की मृत्यु के बाद बड़े भाई रामप्रसाद बैगा ने पूरी जमीन अपने नाम दर्ज करवा ली, जबकि छोटे भाई बद्रीनाथ और मझले भाई छोटेलाल बैगा का नाम रिकॉर्ड में नहीं जोड़ा गया। इस कारण बद्रीनाथ लगातार अपने हिस्से की जमीन की मांग कर रहा था, लेकिन रामप्रसाद इस बात पर विवाद करता था।
फसल काटने से और भड़का झगड़ा
बताया जा रहा है कि बद्रीनाथ ने विवादित जमीन के एक हिस्से में फसल बोई थी, लेकिन फसल पकने से पहले ही रामप्रसाद ने उसे काट लिया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी हुई, जो हत्या तक पहुंच गई।
पुलिस कर रही जांच, आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश तिवारी के अनुसार, “बड़े भाई ने जमीन विवाद के चलते छोटे भाई की हत्या कर दी। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”




