मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के पहले शिविर की समीक्षा, मुख्य सचिव ने कहा- आवेदनों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर दें जोर

सीधी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित पहले शिविर की समीक्षा मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की। उन्होंने विभिन्न जिलों से अभियान की प्रगति और शिविरों के अनुभवों की जानकारी लेते हुए आगामी शिविरों में व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पहले शिविर में सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों के निराकरण में अच्छा काम हुआ है, लेकिन अब सिर्फ आवेदन निपटाना पर्याप्त नहीं है। शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण और सरकारी योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग भी जरूरी है।
हर शुक्रवार क्षेत्र में उतरेंगे अधिकारी
उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी शिविरों के लिए विकासखंड को इकाई मानकर काम किया जाए। कलेक्टर और जिला स्तरीय अधिकारी शिविरों में आम लोगों से सीधे संवाद करें और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिस विकासखंड में शुक्रवार को शिविर आयोजित हो रहा हो, उसके अलावा अन्य विकासखंडों के अधिकारी भी उसी दिन अपने क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं के क्रियान्वयन और लोगों की समस्याओं की स्थिति देखें।
मौके पर मिलने वाले आवेदनों का भी हो समाधान
शिविरों में पहले से लंबित आवेदनों के साथ मौके पर मिलने वाले नए आवेदनों का भी यथासंभव तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए। आगामी दो महीनों के शिविरों की तारीख पहले से तय कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी देने को कहा गया है।
उद्योग संवाद में स्थानीय सफल उद्यमियों और स्वसहायता समूहों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभियान के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा सके।
मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों पर भी चर्चा
मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जिला दौरे की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा। मुख्यमंत्री जिला स्तर पर आयोजित शिविर में शामिल होंगे और जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्धजनों से मुलाकात के साथ सफल उद्यमियों से संवाद करेंगे।
इसके अलावा समीक्षा बैठक और विभिन्न संस्थाओं के निरीक्षण की तैयारियां भी पूरी रखने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में कलेक्टर को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से संबंधित पूरी जानकारी प्रस्तुत करनी होगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान विभिन्न जिलों के कमिश्नर और कलेक्टरों ने अभियान से जुड़े अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। सीधी से कलेक्टर विकास मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।




