प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, युवती समेत चार आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरा में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवती सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 27–28 फरवरी की रात संदीप यादव (20) निवासी आजादपुर को आरोपी पूजा पनिका ने अपने घर बुलाया। यहां पूजा, उसकी मां मुन्नी देवी पनिका, भाई मेलासागर पनिका और चाचा भोलानाथ पनिका ने मिलकर पहले उसे बिजली का करंट लगाया और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि भोलानाथ ने कुल्हाड़ी से उसका पैर भी काट दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपी मृत समझकर गांव के बाहर परमानंद बैस के अरहर के खेत में फेंककर फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने उसे खेत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। युवक को जिला अस्पताल बैढ़न से जबलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लाठी, कुल्हाड़ी, बिजली का तार और मोबाइल जब्त किया गया है। चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।




