सड़क जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी पर हमला, टांगी-हंसिए से वार; पांच आरोपी गिरफ्तार

सीधी। जिले में सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। शासकीय मार्ग को लेकर चल रहे विवाद के बीच सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचे थाना प्रभारी पर कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में थाना प्रभारी घायल हो गए, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शासकीय रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर कुछ लोगों ने सोमवार दोपहर सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया।
इसी दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने थाना प्रभारी पर टांगी और हंसिए जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर चोट आई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गया। एसडीएम विकास कुमार आनंद मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन की मौजूदगी में सड़क जाम समाप्त कराया गया और आवागमन बहाल कर दिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारी पर हमला गंभीर अपराध है और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।




