खनन नियमों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, कलेक्टर बोले- उल्लंघन हुआ तो खदान पट्टे भी होंगे निरस्त

सीधी। जिले में खनन गतिविधियों को नियमों के अनुरूप संचालित करने और पर्यावरणीय मानकों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने पट्टाधारकों और क्रशर संचालकों की बैठक में स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि खनिज नियमों, सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर खदान पट्टे निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले के सभी पट्टाधारकों एवं क्रशर संचालकों को खनन कार्यों से जुड़े वैधानिक प्रावधानों और सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खदान क्षेत्रों में विस्फोटकों का उपयोग पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ किया जाए तथा प्रत्येक ब्लास्टिंग की पूर्व सूचना संबंधित विभागों को अनिवार्य रूप से दी जाए। उन्होंने कहा कि लाइसेंसधारी ब्लास्टर की निगरानी में ही विस्फोटक सामग्री का उपयोग किया जाए।
बैठक में खदान क्षेत्रों में सीमा चिन्ह, तार फेंसिंग और सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सघन वृक्षारोपण, हरित पट्टी विकसित करने और जल संरक्षण संबंधी उपायों को अनिवार्य रूप से लागू करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने श्रमिकों की सुरक्षा और श्रम कानूनों के पालन को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि खदानों और क्रशर इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित खनिज राजस्व की राशि शीघ्र जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत किए जाने वाले कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य जनहितकारी गतिविधियों पर CSR निधि का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने सभी पट्टाधारकों को किए गए कार्यों का अभिलेखीय प्रमाण सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से खान अधिनियम 1952 के प्रावधानों, सुरक्षित ब्लास्टिंग, धूल नियंत्रण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा ई-खनिज पोर्टल पर रिटर्न भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
बैठक में अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, एसडीएम कुसमी शैलेश द्विवेदी, एसडीएम मझौली आरपी त्रिपाठी, श्रम पदाधिकारी आकांक्षा पाठक सहित जिले के सभी पट्टाधारक और क्रशर संचालक उपस्थित रहे।




