खेत में मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी, हत्या की आशंका

खेत में मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी, हत्या की आशंका
सिंगरौली- सिंगरौली जिले के खुटार चौकी अंतर्गत पिपरा झांपी गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के पास स्थित खेत में पानी भरे स्थान पर मिला। मृतक की पहचान अंबेश शर्मा के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
जानकारी मिलते ही खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के परिजनों ने घटना को सामान्य मृत्यु मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की है।
*पुलिस ने शुरू की जांच*
खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया कि पुलिस का पूरा अमला मौके पर तैनात है और परिजनों द्वारा जताई गई आशंका को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूर्ण होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार युवक का शव खेत में लगभग दो फीट पानी भरे स्थान पर मिला था। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य एकत्र किए जा सकें।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



