ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की पहली बैठक, दीर्घकालीन विकास कार्ययोजना पर मंथन

ar 728 ad
AR News Live

प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की पहली बैठक, दीर्घकालीन विकास कार्ययोजना पर मंथन

 

 

 

जिला विकास एवं सलाहकार समिति बनेगी सीधी के समग्र विकास की धुरी – प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल

 

सीधी- प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की प्रथम बैठक सकारात्मक एवं विकासोन्मुख वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में जिले के समग्र, संतुलित एवं दीर्घकालीन विकास को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

 

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जिला विकास एवं सलाहकार समिति जिले के विकास को नई दिशा और गति देने का सशक्त मंच है। यह समिति केवल समस्याओं की पहचान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जिले की आवश्यकताओं, संसाधनों और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए दूरदर्शी एवं व्यावहारिक विकास कार्ययोजना तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि समिति जिले के वर्तमान परिदृश्य के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।

 

प्रभारी मंत्री ने समिति सदस्यों से कहा कि वे जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं को तथ्यों के साथ बैठक के समक्ष रखें और साथ ही उनके व्यवहारिक व ठोस समाधान के सुझाव भी प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि जनप्रतिनिधियों, समाज के अनुभवी नागरिकों और विशेषज्ञों के सुझावों को नीति निर्धारण में गंभीरता से शामिल किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

 

प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और इस अवधि में प्रदेश सहित सीधी जिले में भी विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। अधोसंरचना, उद्योग, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इन उपलब्धियों के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले की अपनी विशिष्ट पहचान, संसाधन और संभावनाएं होती हैं, जिनके अनुरूप जिले-विशेष की विकास योजना बनाई जाएगी। इसी उद्देश्य से समिति में समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है, ताकि विकास की प्रक्रिया समावेशी और संतुलित हो।

 

प्रभारी मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए जो टिकाऊ हो और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध हो। उन्होंने समिति के वरिष्ठ एवं अनुभवी सदस्यों से अपेक्षा की कि वे अपने अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से जिले के विकास के लिए नवाचारपूर्ण सुझाव प्रस्तुत करें।

 

बैठक में विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि जिला विकास एवं सलाहकार समिति जिले के समग्र विकास के लिए एक सशक्त और प्रभावी मंच सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा बीते दो वर्षों में जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं, जिनका लाभ सीधी जिले को भी मिला है। उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार एवं ग्रामीण विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं अब प्रभावी रूप से आम नागरिकों तक पहुंच रही हैं। विधायक श्रीमती पाठक ने जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से सीधी जिले को विकास की नई दिशा मिलेगी।

 

बैठक में कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी ने जिला विकास एवं सलाहकार समिति के गठन के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह समिति जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास की कार्ययोजना तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि समिति कौशल विकास को बढ़ावा देने, लोकल फॉर वोकल की अवधारणा को सशक्त करने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने तथा शासन की प्रमुख योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कलेक्टर ने कहा कि समिति से प्राप्त सुझावों के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।

 

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष कुसमी श्रीमती श्यामवती सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष मझौली श्रीमती सुनैना सिंह सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री बी. पी. पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button