हटवा में सहकारी समिति का शुभारंभ, किसानों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी खाद-बीज की सुविधा

सिहावल। विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत हटवा में बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (बी-पैक्स) मर्यादित हटवा का शुभारंभ विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार, शिलापट्टिका अनावरण एवं फीता काटकर समिति का विधिवत उद्घाटन किया गया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा मुख्य अतिथि का शाल-श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र से सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को खाद-बीज और अन्य कार्यों के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे समय पर सुविधाएं नहीं मिल पाती थीं। अब हटवा में समिति शुरू होने से किसानों और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में किसानों की सुविधा के लिए पांच नई समितियां स्वीकृत कराई गई हैं।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की सहकारिता संबंधी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को सीसीसी के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, खाद-बीज हेतु ऋण, गैस सिलेंडर तथा स्वरोजगार योजनाओं का लाभ पात्रतानुसार मिल सकता है। उन्होंने किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
विधायक ने कहा कि कृषि के लिए पानी की उपलब्धता आवश्यक है। गुलाब सागर नहर का निर्माण कार्य जारी है तथा सीतापुर माइक्रो योजना से क्षेत्र के कई गांवों को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र पांडेय, समिति अध्यक्ष अशोक शुक्ला, सीईओ सहकारिता गणेश चंद्र वंशी, जनपद सदस्य राजेश सिंह, सरपंच प्रतिनिधि मनोज सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।




