मध्यप्रदेश में देर रात प्रशासनिक सर्जरी: 11 आईएएस और 4 राज्य सेवा अधिकारियों के तबादले

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कई अहम विभागों में बदलाव किए गए हैं।

अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव को अन्य पदस्थापना दी गई है।
मनीष सिंह को पुनः जनसंपर्क विभाग का दायित्व सौंपा गया है। वे परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। जनसंपर्क आयुक्त रहे दीपक सक्सेना को आबकारी आयुक्त बनाया गया है। करीब चार माह तक जनसंपर्क आयुक्त रहे सक्सेना की यह नियुक्ति नई आबकारी नीति लागू होने से ठीक पहले हुई है। दो वर्ष से आबकारी आयुक्त रहे अभिजीत अग्रवाल को प्रबंध संचालक, राज्य सहकारी विपणन संघ बनाया गया है।
2009 बैच के आईएएस अजय गुप्ता को संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास से हटाकर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। 2011 बैच के आईएएस उमाशंकर भार्गव की आठ महीने बाद राजभवन से वापसी हुई है और उन्हें किसान कल्याण एवं कृषि विकास का संचालक बनाया गया है।
भिंड जिला पंचायत के सीईओ सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग की उप सचिव संघमित्रा गौतम को जिला पंचायत आलीराजपुर का सीईओ पदस्थ किया गया है। आगर मालवा जिला पंचायत की सीईओ नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में अपर परियोजना संचालक बनाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव कमल सोलंकी को राससेन जिला पंचायत का सीईओ नियुक्त किया गया है।
राज्य प्रशासनिक सेवा में भी बदलाव करते हुए भुरला सिंह सोलंकी को जिला पंचायत आगर मालवा, मिलिंद कुमार नागदेवे को जिला पंचायत खरगोन, वीर सिंह चौहान को जिला पंचायत भिंड का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। राकेश शर्मा को मुख्य महाप्रबंधक, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में पदस्थ किया गया है।
इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और विभागीय कार्यों में गति लाने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।




