बहेरा नाला पुल पर दर्दनाक हादसा: बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरी, 45 वर्षीय सीता प्रताप सिंह की मौके पर मौत

सीधी। जिले में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय सीता प्रताप सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना लेदहा के बहेरा नाला पुल के पास, ग्राम पंचायत रौहाल क्षेत्र में करीब दोपहर 12 बजे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीता प्रताप सिंह पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रौहाल गए थे। कार्यक्रम के बाद वे अपने गांव चगोहर लौट रहे थे। इसी दौरान बहेरा नाला पुल के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल के नीचे जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।




