सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई – गांजा तस्करी के तीन मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थ जप्त

सीधी: गांजा तस्करी पर सीधी पुलिस ने एक बार फिर कड़ा शिकंजा कसते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹29,400 मूल्य का मादक पदार्थ जप्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं संबंधित एसडीओपी के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
गांजा तस्करी में पहला मामला – थाना कोतवाली सीधी की कार्रवाई
थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गाड़ा बबन सिंह में किराना दुकान की आड़ में गांजा तस्करी हो रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने दबिश दी और आरोपी कुंदन बहादुर उर्फ मुनि सिंह (65 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसकी दुकान से 2 किलो 40 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत ₹20,400 आँकी गई। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया।
गांजा तस्करी का दूसरा केस – थाना जमोड़ी क्षेत्र में दबिश
थाना जमोड़ी पुलिस ने भी गांजा तस्करी पर कार्रवाई करते हुए मनोज केवट (40 वर्ष) निवासी जमोड़ी कला को पकड़ा। उसके पास से 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹4,500 है। आरोपी के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
गांजा तस्करी का तीसरा मामला – रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र से गिरफ्तारी
रामपुर नैकिन पुलिस ने अशोकवती लोनिया निवासी पटेहरा को गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ा। तलाशी के दौरान 450 ग्राम गांजा जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4,500 है। आरोपिया पर भी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की गई।
गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त मुहिम जारी
सीधी जिले की पुलिस गांजा तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इस विशेष अभियान में पुलिस की सजगता और टीमवर्क की बदौलत कई मामलों में तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आमजन से भी अपील की गई है कि वे मादक पदार्थों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।




