बहरी में अवैध विस्फोटक सामग्री पर बड़ी कार्रवाई, ₹7 लाख का मशरूका जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

सीधी जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹7 लाख कीमत का मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन स्वामी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में खनिज विभाग, राजस्व विभाग और थाना बहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को प्रभारी जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला, तहसीलदार बहरी और थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से बहरी क्षेत्र स्थित दुअरा खदान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राप्त सूचना एवं खनिज विभाग से मिले पत्र के आधार पर वाहन क्रमांक MP 17 G 3415 को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन से 49 नग बारूद ट्यूब, जिनका कुल वजन लगभग 136 किलोग्राम बताया गया है, तथा 52 नग डीटीएच बरामद किए गए। मौके पर विस्फोटक सामग्री के परिवहन और उपयोग से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब ₹1 लाख कीमत की विस्फोटक सामग्री और लगभग ₹6 लाख कीमत के वाहन सहित कुल ₹7 लाख का मशरूका जब्त कर लिया।
मामले में थाना बहरी में धारा 288 बीएनएस एवं भारतीय विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख), 1(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अजय सिंह पिता जुगरात सिंह (22 वर्ष) निवासी खेलूगेड़ी थाना रावतभाटा जिला चित्तौड़गढ़ राजस्थान तथा ईश्वर सिंह पिता रूप सिंह (20 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 03 राजपूत मोहल्ला भीलवाड़ा राजस्थान को गिरफ्तार किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, विस्फोटक सामग्री के दुरुपयोग और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




