लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्यवाही, रिश्वत लेते ट्रेप हुआ आरआई

लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्यवाही, रिश्वत लेते ट्रेप हुआ आरआई
रीवा। भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत लोकायुक्त संभाग रीवा ने एक और सफल ट्रैप कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई आज बुधवार 17 दिसंबर 2025 को की गई।
लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता इन्द्रमणि प्रसाद शुक्ला, निवासी ग्राम बीड़ा (पडरिया टोला), पोस्ट बीड़ा, थाना व तहसील सेमरिया, जिला रीवा ने 16 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी भूमि के सीमांकन के लिए तहसील सेमरिया में आवेदन किया था। सीमांकन कराने के लिए सर्किल शाहपुर के राजस्व निरीक्षक रामविश्वास कोल से संपर्क करने पर अधिकारी ने काम करने के एवज में पैसों की मांग की।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सीमांकन कार्य निरस्त होने के डर से उन्होंने चार दिन पूर्व 2,000 रुपये आरोपी को दे दिए थे, इसके बावजूद कार्य नहीं किया गया और राजस्व निरीक्षक द्वारा 3,000 रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।
शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त संभाग रीवा के प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण सिंह परिहार द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद 17 दिसंबर 2025 को टीम गठित कर ग्राम बरौं में मोतीलाल साकेत के घर के सामने ट्रैप कार्रवाई की गई।
लोकायुक्त टीम ने आरोपी श्री रामविश्वास कोल (उम्र 55 वर्ष), निवासी ग्राम फुटौंधा, पोस्ट बाबूपुर, थाना कोलगवां, तहसील रघुराजनगर, जिला सतना, वर्तमान पदस्थापना राजस्व निरीक्षक (आर.आई.) सर्किल शाहपुर, तहसील सेमरिया, जिला रीवा को 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक श्री एस. राम मरावी, उप पुलिस थाना लोकायुक्त रीवा, उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण सिंह परिहार सहित लोकायुक्त टीम एवं स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना लोकायुक्त कार्यालय रीवा को मोबाइल नंबर 98936 07619 पर देकर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग करें।



