सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर का सख्त एक्शन,24 विभाग-अधिकारियों को थमाया नोटिस

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर का सख्त एक्शन,24 विभाग-अधिकारियों को थमाया नोटिस
सीधी। जिले में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण में बरती जा रही गंभीर लापरवाही को लेकर कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने 24 विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए लंबित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग, ऊर्जा विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्रियों सहित कई विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
इसके अलावा जिला आयुष अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीधी एवं रामपुर नैकिन, खंड चिकित्सा अधिकारी कुसमी और चुरहट, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सिहावल, रामपुर नैकिन, सीधी एवं कुसमी, सहायक आयुक्त अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, जिला आबकारी अधिकारी, वाणिज्य कर विभाग, श्रम पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग तथा लीड बैंक मैनेजर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण कर प्रतिवेदन सहित अपना जवाब प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में वरिष्ठ कार्यालय को एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने साफ शब्दों में कहा है कि जन शिकायतों के प्रति किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन शासन की प्राथमिकता वाली व्यवस्था है और इसमें जवाबदेही तय है। शिकायतों के समय पर निराकरण की पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।




