सीधी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जमोड़ी पुलिस ने ₹6.96 लाख की ONEREX कफ सिरप पकड़ी

सीधी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत जमोड़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3480 शीशी प्रतिबंधित ONEREX कफ सिरप जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6 लाख 96 हजार बताई जा रही है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा संचालित अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार दिनांक 22 मई 2026 को थाना जमोड़ी पुलिस ग्राम चौफाल कोठार क्षेत्र में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी पूरी करने के बाद गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सजहवा-नेबूहा-कठौली मार्ग स्थित पुलिया के पास भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिया के नीचे रखी 29 बोरियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्रत्येक बोरी में खाकी रंग के कार्टून में पैक ONEREX कफ सिरप की 120-120 सीलबंद शीशियां बरामद हुईं। कुल 3480 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप जप्त की गई।
पुलिस के अनुसार बरामद कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट मिश्रित पाया गया, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित मादक पदार्थ की श्रेणी में आता है। मौके पर पुलिस ने विधिवत जप्ती एवं सीलबंदी की कार्रवाई की।
थाना जमोड़ी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब अवैध नशीले पदार्थों के नेटवर्क, परिवहन और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशे और अवैध गतिविधियों से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस से साझा करें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जमोड़ी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक गोविन्दलाल साकेत, प्रधान आरक्षक रावेन्द्र सिंह, महिला प्रधान आरक्षक कुसुमकली सिंह, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न सिंह एवं आरक्षक किसुनपाल सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




