सीधी में आग का तांडव: घर में फंसे रह गए तीन मासूम, देखते ही देखते बुझ गई जिंदगी

सीधी। जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कसिहवा गांव में गुरुवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आग की भयावह लपटों में घिरकर एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार कसिहवा निवासी रामरतन साकेत के खपरैल मकान के पास लगे बिजली के खंभे के ज्वाइंटर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियां घर के आसपास पड़ी सूखी पत्तियों और झाड़ियों पर जा गिरीं। भीषण गर्मी और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती हुई सीधे मकान तक पहुंच गई और कुछ ही मिनटों में पूरा घर आग की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चों के पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि मां सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान से राशन लेने गई थी। इसी दौरान घर के अंदर मौजूद दो बेटियां और एक बेटा आग में फंस गए। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे तीसरे बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी ली।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे कसिहवा गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। प्रशासन द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
भीषण गर्मी के बीच हुए इस हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और क्षेत्र में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।




