अमिलिया मर्डर केस: 8 घंटे में खुलासा, टक्कर मारकर की गई साजिशी हत्या

Amiliya Murder Case: अमिलिया थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में थाना अमिलिया पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की।
घटना के संबंध में फरियादी रोहित पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 3:30 बजे डिहुली मोड़ पेट्रोल पंप के पास आरोपी विवेक मिश्रा ने पुरानी रंजिश और गाड़ी की किश्त के विवाद के चलते संतोष द्विवेदी की मोटरसाइकिल को अपने मिनी टिपर वाहन से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल करीब 105 फीट तक घसीटती चली गई। इस घटना में संतोष द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं, उनके साथ सवार ठाकुर सेन भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को घटना के 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विवेक मिश्रा (27 वर्ष) एवं विकास मिश्रा (25 वर्ष), निवासी ग्राम पहाड़ी शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मिनी टिपर वाहन और मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।




