
सीधी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सिहावल विधानसभा क्षेत्र के बहरी-मयापुर और सिहावल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक विश्वामित्र पाठक की अगुवाई में आयोजित यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया।
बहरी में तिरंगा यात्रा हायर सेकेंडरी स्कूल से शुरू होकर बहरी बाजार होते हुए अमिलिया रोड स्थित मंदिर के पास समाप्त हुई। वहीं सिहावल में यात्रा हायर सेकेंडरी स्कूल से शुरू होकर बाजार के रास्ते जनपद पंचायत परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यात्रा से पहले विधायक विश्वामित्र पाठक और अतिथियों ने मां वीणावादिनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। देशभक्ति गीतों और नारों से दोनों बाजार क्षेत्र गूंजते रहे। यात्रा में शामिल विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों पर विधायक सहित प्रमुख लोगों ने पुष्पवर्षा भी की।
समापन अवसर पर विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान, एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रप्रेम, भाईचारे, अमर शहीदों की स्मृति तथा देश की एकता और अखंडता को समर्पित है।
कार्यक्रम में एसडीएम राकेश शुक्ला, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, प्रभारी सीईओ धनंजय मिश्रा, बीईओ धरम पाल सिंह, बीआरसी मुन्नालाल साकेत सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



