सीधी में 500 पौधे लगाए गए, अमृत हरित महाअभियान के तहत शहर में चला पौधारोपण अभियान

सीधी। अमृत हरित महाअभियान के तहत नगर पालिका परिषद सीधी ने शहर के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर करीब 500 पौधे लगाए। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और नगर पालिका के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पौधे लगाए। इस दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और पौधों की देखभाल के महत्व की जानकारी दी गई। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प भी लिया गया।
नगर पालिका की ओर से बताया गया कि अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, शासकीय संस्थानों, पार्कों, सड़क किनारे और चिन्हित रिक्त शासकीय भूमि पर लगातार पौधारोपण कराया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। अधिकारियों के अनुसार केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, इसलिए लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी जोर दिया जा रहा है।




