सीधी में बनेगा अत्याधुनिक ‘माइनिंग हॉस्पिटल’, खनन प्रभावितों को मिलेगा बेहतर इलाज

सीधी। खनन गतिविधियों से प्रभावित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सीधी में अत्याधुनिक ‘माइनिंग हॉस्पिटल’ बनाने की तैयारी है। अस्पताल के लिए गोल मार्केट के पास जमीन चिन्हित कर ली गई है। यहां खास तौर पर श्वसन संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए आधुनिक मशीनें और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
यह फैसला जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास मंडल (DMF) की बैठक में लिया गया। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
गोल मार्केट के पास चिन्हित हुई जमीन
माइनिंग हॉस्पिटल के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा और संबंधित अधिकारियों की टीम ने गोल मार्केट के पास स्थल का निरीक्षण कर जमीन चिन्हित की है। प्रस्तावित अस्पताल में खनन प्रभावित लोगों में होने वाली श्वसन संबंधी बीमारियों के साथ अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज की सुविधा देने की योजना है।
इसके अलावा जिला अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए प्रतीक्षालय और महिलाओं के ठहरने के लिए बाथरूम अटैच्ड हॉल बनाने पर भी चर्चा हुई।
शिक्षा और पेयजल पर भी प्रस्ताव
बैठक में खनन प्रभावित बस्तियों और छात्रावासों में पेयजल व्यवस्था सुधारने, भवनविहीन स्कूलों के लिए सामुदायिक भवन बनाने तथा कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन डिजिटल लाइब्रेरी के लिए फर्नीचर और किताबों की व्यवस्था करने के प्रस्ताव रखे गए।
बहरी और कुसमी में शासकीय आवासीय परिसर विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
रोजगार और कृषि को बढ़ावा देने की तैयारी
DMF की राशि से रोजगार बढ़ाने के लिए समदा कृषि फार्म को मॉडल कृषि फार्म के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में मुर्गीपालन, बकरीपालन और दुग्ध उत्पादन के लिए शेड निर्माण की योजना पर भी विचार किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में दीदी कैफे के जरिए स्वसहायता समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, युवाओं के लिए अग्निवीर प्रशिक्षण और जिला मुख्यालय में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने का प्रस्ताव भी बैठक में सामने आया।
दिव्यांगों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी योजनाएं
दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक उपकरण और स्कूटी उपलब्ध कराने, रामपुर नैकिन बस स्टैंड पर यात्री प्रतीक्षालय बनाने तथा धार्मिक स्थलों और बड़ी ग्राम पंचायतों में कचरा निपटान के लिए वाहन उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
सीधी आईटीआई के पास नगर वन या स्मृति वन विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
लंबित कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने DMF के पुराने लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित कार्यों की समीक्षा कर देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने और स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने की बात कही।
बैठक में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रीती पाठक, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, विधायक विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह और कलेक्टर विकास मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




