सीधी

सेमरिया को मिली बड़ी सौगात: प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले के सेमरिया क्षेत्र के लोगों के लिए बुधवार का दिन बड़ी प्रशासनिक सौगात लेकर आया। मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने सेमरिया में नवस्थापित उप तहसील कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। प्रारंभिक रूप से यह कार्यालय सामुदायिक भवन सेमरिया से संचालित होगा, जिससे क्षेत्र के 12 पटवारी हल्कों के हजारों किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रशासनिक सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उप तहसील शुरू होने से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अभिलेख सुधार जैसे महत्वपूर्ण कार्य अब स्थानीय स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से किए जा सकेंगे, जिससे लोगों का समय और आर्थिक व्यय दोनों बचेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि आम नागरिकों को बिना अनावश्यक देरी के राजस्व सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की वास्तविक सफलता तभी है, जब लोगों को न्याय और सेवाओं के लिए भटकना न पड़े।

कार्यक्रम में विधायक रीती पाठक ने कहा कि सेमरिया उप तहसील कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के 12 पटवारी हल्कों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब किसानों और ग्रामीणों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और स्थानीय स्तर पर ही समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती बहेलिया, प्रदीप शुक्ला, सरपंच सुरेश पाण्डेय, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने उप तहसील कार्यालय के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button