क्राइम

गोपद नदी घाट से अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, 407 टीपर जब्त

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 407 टीपर वाहन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार वाहन में गोपद नदी घाट से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था। मामले में चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि ग्राम भरुही स्थित गोपद नदी घाट से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की।

कार्रवाई के दौरान गोपद नदी घाट के पास एक 407 अशोक लीलैंड टीपर वाहन क्रमांक UP64T 6055 आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन में लोड रेत को मौके पर ही खाली कर दिया और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम रितेश रजक (21 वर्ष) निवासी भरुही बताया। पुलिस द्वारा रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में वाहन का स्वामी आशीषधर द्विवेदी निवासी भरुही होना पाया गया।

प्रथम दृष्टया अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन का मामला पाए जाने पर पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये कीमत का 407 टीपर वाहन जब्त कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक अविनेश चौधरी एवं आरक्षक रजनीश द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button