सीधी में अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, गोपद नदी क्षेत्र में 20 डंपर रेत नष्ट, तीन वाहन जब्त

सीधी: जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गोपद नदी क्षेत्र में अवैध रूप से संग्रहित भारी मात्रा में रेत को नष्ट किया गया, जबकि बिना नंबर प्लेट के रेत परिवहन में लगे वाहनों को जब्त किया गया है।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देश पर राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम गुडुआधार, तहसील कुसमी में कार्रवाई की। जांच के दौरान गोपद नदी से सटे दो स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 20 डंपर रेत को नदी में वापस डलवाया गया। इसके साथ ही रेत भंडारण तक पहुंचने वाले रास्तों को गड्ढे खोदकर अवरुद्ध कर दिया गया, ताकि दोबारा अवैध गतिविधि न हो सके।
प्रशासन द्वारा संबंधित भूमि स्वामियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं।
बिना नंबर के वाहन जब्त
इसी क्रम में तहसील सिहावल के अमिलिया बाजार क्षेत्र से बिना नंबर प्लेट के रेत परिवहन करते पाए गए एक वाहन को जब्त कर थाना अमिलिया में खड़ा कराया गया। वाहन का चेसिस क्रमांक DMB841MHDESC099018 है। वहीं तहसील चुरहट के ग्राम कमर्जी से अवैध रेत परिवहन में संलिप्त बिना नंबर का ट्रैक्टर (जॉन डियर) भी जब्त कर थाना कमर्जी में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
जप्त वाहनों के मालिकों और चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है। साथ ही बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को पृथक से सूचना दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




