तहसील में रिश्वतखोरी, कंप्यूटर ऑपरेटर 10 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रीवा: रीवा जिले की गुढ़ तहसील में ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के सत्यापन के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा ने सोमवार को तहसील कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर भगवानदीन चौरसिया को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ईओडब्ल्यू से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी गोलूज मणि त्रिपाठी निवासी ग्राम नरहवा, तहसील गुढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री के ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र का सत्यापन अक्टूबर 2024 से लंबित रखा जा रहा था। आरोप है कि संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर सत्यापन प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ईओडब्ल्यू टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। 19 जनवरी 2026 को जैसे ही आरोपी ने तहसील कार्यालय परिसर में फरियादी से रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
ईओडब्ल्यू ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रियंका पाठक, निरीक्षक हरीश त्रिपाठी, उप निरीक्षक गरिमा त्रिपाठी, भावना सिंह, रुचिका सूर्यवंशी सहित ईओडब्ल्यू के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।




