अमिलिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 2026 में लापता सभी 15 नाबालिग बालिकाएं सुरक्षित

सीधी। थाना अमिलिया पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लापता नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब किया है। इनमें एक 17 वर्षीय बालिका को भोपाल से महज 24 घंटे के भीतर बरामद किया गया।
पहले मामले में 16 वर्षीय बालिका के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद उसे 3 सितंबर को मऊगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराही से सुरक्षित दस्तयाब कर आवश्यक कार्रवाई के बाद पिता के सुपुर्द किया गया।
दूसरे मामले में 17 वर्षीय बालिका के भोपाल की ओर जाने की जानकारी मिलने पर अमिलिया पुलिस ने भोपाल पुलिस से समन्वय किया। टीम ने 7 सितंबर को भोपाल के बेरसिया थाना क्षेत्र स्थित सुखी सेवनिया चौकी से बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। 8 सितंबर को आवश्यक प्रक्रिया के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में थाना अमिलिया क्षेत्र से नाबालिग बालिकाओं के लापता होने के 15 प्रकरण दर्ज हुए हैं और सभी 15 बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब किया जा चुका है। 8 सितंबर तक किसी भी नाबालिग बालिका की दस्तयाबी शेष नहीं है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बैस के नेतृत्व में की गई।




