तेंदुए की खाल के बाद खुलने लगे राज, वन विभाग ने तीसरे आरोपी को दबोचा

सीधी। तेंदुए की खाल की तस्करी के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ वन विभाग ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई DRI भोपाल की टीम द्वारा सीधी शहर में तेंदुए की खाल के साथ दो लोगों को पकड़े जाने के बाद शुरू हुई विस्तृत जांच के आधार पर की गई।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम ने रीवा वन मंडल के हनुमना क्षेत्र के ग्राम धनुहीनार में दबिश देकर ललन सिंह गोंड़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से शिकार में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी जब्त किए गए।
मामले में अभिषेक सिंह चंदेल उर्फ प्रिंस सिंह और अनमोल सिंह चंदेल समेत तीन आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है। 7 सितंबर को आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर शिनाख्त भी कराई गई।
वन विभाग के अनुसार विवेचना के दौरान मामले में अन्य आरोपियों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। उनकी तलाश और पतासाजी की जा रही है।
8 सितंबर को तीनों आरोपियों को जिला न्यायालय सीधी में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




