युवा संगम बना रोजगार का मंच: बहरी मेले में 211 युवाओं का प्रारंभिक चयन, 10 हितग्राहियों को ₹42 लाख की सहायता

बहरी। विधानसभा क्षेत्र सिहावल के बहरी स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित “युवा संगम” रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले में जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए गए। मेले में 11 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लिया, जबकि 296 युवाओं ने पंजीयन कराया। इनमें से 211 युवाओं का विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रारंभिक चयन किया गया। साथ ही स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को लगभग 42 लाख रुपये की राशि के स्वीकृति पत्र एवं ऋण वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि युवा संगम केवल रोजगार उपलब्ध कराने का मंच नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से इस पहल का लाभ अधिक से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवाओं तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक योग्य युवा को रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना शासन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस दौरान कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। जिला रोजगार अधिकारी ने रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए युवाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उपलब्ध रोजगार के अवसरों, चयन प्रक्रिया एवं आवश्यक योग्यता की जानकारी साझा की।
अपने संबोधन में विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बहरी प्रवास के दौरान क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री अथवा अन्य उद्योग स्थापित करने का आग्रह किया गया था। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं का परीक्षण कर उद्योग स्थापना के प्रयास का आश्वासन दिया है। विधायक ने कहा कि सिहावल क्षेत्र में पर्याप्त जल संसाधन, बेहतर सड़क संपर्क, लाइमस्टोन जैसे खनिज भंडार तथा शीघ्र मिलने वाली रेलवे कनेक्टिविटी के कारण उद्योगों की स्थापना की अपार संभावनाएं हैं, जिससे भविष्य में स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने मेले का निरीक्षण कर विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पंजीकृत युवा को उसकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन लगातार करता रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक विश्वामित्र पाठक ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और युवाओं से शिक्षा, कौशल एवं परिश्रम के बल पर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीएम राकेश शुक्ला, जनपद पंचायत सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार इन्द्रभान सिंह, पुष्पेंद्र पाण्डेय, आईटीआई प्राचार्य अशोक तिवारी, टीआई राजेश पाण्डेय, जनप्रतिनिधि, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, रोजगार कार्यालय एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




