बहरी बिजली विभाग की लापरवाही से दो मवेशियों की मौत ग्रामीणों में आक्रोश

बहरी। क्षेत्र के बिजली विभाग की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बताया जा रहा है कि देवगमा महुआर रोड लगे ट्रांसफार्मर से खम्भे तक पिछले दो से तीन दिनों से गांव में बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा पड़ा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना लाइनमैन सहित बहरी के जेई को भी कई बार दी, लेकिन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
समय रहते तार को दुरुस्त नहीं किए जाने के कारण शुक्रवार की सुबह खुले में चर रहे दो मवेशियों की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर विभाग द्वारा गिरे हुए तार को उठाया जाता तो आज इन बेज़ुबान जानवरों की जान नहीं जाती। प्रशासन से मांग की जा रही है कि पीड़ित पशुपालक को मुआवजा दिया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।




