संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ: विधायक विश्वामित्र पाठक का बड़ा आश्वासन, जल्द मिलेगी राहत राशि

सीधी। बे-मौसम वर्षा के कारण किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी बीच विधायक विश्वामित्र पाठक ने सिहावल क्षेत्र के कई गांवों का भ्रमण किया और किसानों से हाल जाना। उन्होंने कहा कि संकट के समय में सरकार पूरी मजबूती से किसानों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

विधायक ने दिए सर्वे के निर्देश, जल्द मिलेगी राहत राशि
भ्रमण के दौरान श्री पाठक ने राजस्व निरीक्षक और पटवारियों को निर्देशित किया कि किसानों की उपस्थिति में खेतों का त्वरित सर्वे किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रभावित किसानों को राहत राशि दिलाने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा गया है और प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।
ग्राम भ्रमण के दौरान किसानों को मिला भरोसा
विधायक ने लिलवार, दुधमनिया, करकोटा, चितवरिया, बाकी, पिपरहा और कड़िआर जैसे गांवों में जाकर किसानों के खेतों में नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को ढांढस बंधाया कि किसी को भी मुआवजे से वंचित नहीं रखा जाएगा।
राहत वितरण की प्रक्रिया में प्रशासन जुटा
कलेक्टर सीधी/सिंगरौली को निर्देश दिया गया है कि राजस्व विभाग के सहयोग से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे शीघ्र पूरा किया जाए ताकि किसानों को जल्द राहत राशि मिल सके। मौके पर श्री सिद्धार्थ गौतम (मंडल अध्यक्ष अमिलिया), श्री गजराज सिंह (जिला मंत्री), श्री पुष्पेंद्र मिश्रा (मंडल महामंत्री) समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सरकार का उद्देश्य किसानों को संबल देना
विधायक पाठक ने कहा कि किसानों की भलाई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर किसान को नुकसान की भरपाई मिलना सुनिश्चित किया जाएगा ताकि वे फिर से अपनी खेती जारी रख सकें।




