सीधी जिले की 326 शालाओं में बालिका शौचालयों की मरम्मत, 28 स्कूलों में बने नए शौचालय

सीधी। छात्राओं को स्कूलों में बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा विभाग ने जिले की शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में बालिका शौचालयों के सुधार का काम कराया है। वर्ष 2026 में 326 शालाओं में बालिका शौचालयों की मरम्मत कराई गई, जबकि 28 स्कूलों में नए शौचालयों का निर्माण किया गया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, इन कार्यों का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूलों में स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। जिन शालाओं में शौचालय खराब या अनुपयोगी थे, वहां मरम्मत कर उन्हें फिर से उपयोग योग्य बनाया गया।
जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र विनय मिश्रा ने बताया कि जिले की सभी शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बालिका शौचालयों की क्रियाशीलता सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए नियमित निगरानी और निरीक्षण की व्यवस्था भी की गई है।
विभाग का मानना है कि स्कूलों में साफ-सुथरे और उपयोगी शौचालय उपलब्ध होने से छात्राओं को सुविधा मिलेगी और उनकी नियमित उपस्थिति को भी बढ़ावा मिलेगा। संबंधित शाला प्रबंधन और मैदानी अमले को निर्देश दिए गए हैं कि शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव पर लगातार ध्यान दिया जाए तथा किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल सुधार कराया जाए।
यह पहल जिले की सरकारी शालाओं में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में की गई है।



