क्राइम

एक दिन में दो बड़ी कार्रवाई, 11.254 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत मझौली पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 किलो 254 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है, जबकि गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े मुख्य सप्लायर सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मझौली उपनिरीक्षक विशाल शर्मा के नेतृत्व में की गई।

पुलिस ने पहली कार्रवाई ग्राम डीम तिराहा के पास मुखबिर की सूचना पर की, जहां रामप्रताप सिंह गोंड (44) निवासी उमरिया (पढ़ान टोला), थाना मझौली को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 5 किलो 35 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गांजा रामजान पटेल निवासी आखेटपुर, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल से खरीदकर बिक्री के लिए लाया था।

पहली कार्रवाई के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी रामजान पटेल (48) को आखेटपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 6 किलो 219 ग्राम गांजा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (एमपी-18-एमजे-2095) तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। जब्त गांजे की कीमत करीब 66 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में रामजान पटेल ने खुलासा किया कि वह गांजा तेजभान शुक्ला निवासी टेवगांव, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल से खरीदकर सीधी जिले में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रामजान पटेल के विरुद्ध पहले से ही शहडोल जिले के जैतपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पूरे अभियान में 11.254 किलो गांजा और एक मोटरसाइकिल सहित करीब 1.61 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी विशाल शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह बागरी, रामनरेश कोल, महिला प्रधान आरक्षक राजकुमारी सिंह, आरक्षक अक्षय तिवारी, बृजकिशोर शुक्ला एवं चालक आरक्षक अल्ताफ मंसूरी की भूमिका सराहनीय रही।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऑपरेशन प्रहार 2.0 लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button