Sidhi kidnapping case: पुलिस ने नाबालिग बालिका को सुरक्षित छुड़ाया, आरोपी गिरफ्तार

Sidhi kidnapping case: सीधी में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थाना जमोड़ी पुलिस ने नए बस स्टैंड क्षेत्र में घेराबंदी कर की।
पुलिस के अनुसार युवक नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसे जिले से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बनाई विशेष टीम
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव और उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना जमोड़ी पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
गुजरात ले जाने की तैयारी में था आरोपी
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी बालिका को राज्य से बाहर गुजरात ले जाने की फिराक में था। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय इनपुट के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर पकड़ा
जमोड़ी पुलिस ने नए बस स्टैंड के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी को बालिका के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी
पुलिस ने बालिका को सुरक्षित मुक्त कराने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मेडिकल परीक्षण और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई को सफल बनाने में उपनिरीक्षक वर्षा यादव, प्रधान आरक्षक सुनील बागरी और आरक्षक अंकित सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




