सीधी

सीधी में उद्योगों के विकास और निवेश बढ़ाने पर मंथन, कलेक्टर की अध्यक्षता में लघु उद्योग एवं निर्यात संवर्धन बोर्ड की बैठक

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत प्रस्तावित उद्योग संवाद की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड एवं जिला स्तरीय निर्यात संवर्धन बोर्ड की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में उद्योगों के विकास, निवेश बढ़ाने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

उद्योग संवाद की तैयारियों पर जोर

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि प्रस्तावित उद्योग संवाद का उद्देश्य जिले के उद्यमियों और भावी निवेशकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को समझना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों की स्थापना एवं संचालन में आने वाली प्रशासनिक बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।

एमएसएमई और स्थानीय उद्योगों पर हुई चर्चा

बैठक में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के विकास, नए उद्योगों की स्थापना, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, निर्यात की संभावनाओं तथा उद्यमियों को उपलब्ध कराई जा रही शासकीय सुविधाओं की समीक्षा की गई। साथ ही उद्यमियों से उद्योगों के समक्ष आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर सुझाव भी लिए गए।

हर महीने होगी समीक्षा बैठक

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाए, ताकि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का समय पर निराकरण हो और जिले में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।

बैठक में लीड बैंक मैनेजर अवध बिहारी चौधरी, उप संचालक कृषि आर.एस. गुप्ता, उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश सोनी, जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनी शुक्ला, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनीष त्रिपाठी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अभिलाष मरावी, लघु उद्योग भारती एवं जिला व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button