समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, सड़क सुरक्षा और जनसेवा के कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गणेश विसर्जन के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने वाली टीम को बधाई देते हुए आगामी दुर्गा उत्सव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा के कार्यों में लापरवाही नहीं
बैठक में कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को लेकर पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की और उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्ग से मवेशियों को हटाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा गति अवरोधकों की दृश्यता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
शहर में प्रवेश के दौरान जोगीपुर बायपास पर आवश्यक सड़क चिन्ह एवं संकेतक लगाने को भी कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बहरी में सिविल हॉस्पिटल के लिए भूमि चिन्हांकन के निर्देश
बहरी में प्रस्तावित सिविल हॉस्पिटल के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल के लिए ऐसी भूमि का चयन किया जाए, जो राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के साथ आमजन की पहुंच के लिए भी सुविधाजनक हो।
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियां तय कार्यक्रम के अनुसार हों
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा। सेवा सेतु अभियान के तहत 3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों और 4 अक्टूबर को नगरीय निकायों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर तक स्वच्छता, पौधारोपण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सभी विभागों के नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने को कहा।
सिहावल में शुक्रवार को जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को सिहावल विकासखंड में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में लंबित शिकायतों एवं लोक सेवा गारंटी के लंबित आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। इसके साथ उद्यमी संवाद और हितग्राही संवाद भी आयोजित होंगे।
कलेक्टर ने पिछले सप्ताह कुसमी में आयोजित शिविर के प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन पर संबंधित अधिकारियों एवं टीम को शुभकामनाएं दीं।
2 अक्टूबर को टकटैया में होगा जिला स्तरीय शिविर
गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को टकटैया में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न गतिविधियों के साथ सामाजिक समरसता भोज का आयोजन होगा। इसके अलावा जल जीवन मिशन के पूर्ण हो चुके कार्यों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
6 अक्टूबर को बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 6 अक्टूबर को जिले में बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान संचालित करने तथा शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हैंडपंपों पर अतिक्रमण को लेकर जीरो टॉलरेंस
कलेक्टर ने शासकीय हैंडपंपों पर अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए जीरो टॉलरेंस के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपयोग के हैंडपंपों तक आमजन की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित की जाए और अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीएम मझौली आकाश अग्रवाल, गोपद बनास प्रिया पाठक, सिहावल राकेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




