रीवा में भीषण सड़क हादसा: सीमेंट पिलर लदा ट्रक ऑटो पर पलटा, 7 की दर्दनाक मौत, जयसवाल परिवार में मात

रीवा, 5 जून 2025। जिले में यूपी-एमपी सीमा पर स्थित सोहागी घाटी में आज सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। सीमेंट पिलर से लदा तेज़ रफ्तार बल्कर ट्रक प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक ऑटो पर पलट गया, जिससे जयसवाल परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके में मातम का माहौल बना दिया है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ जब प्रयागराज से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालु मऊगंज के नईगढ़ी इलाके में अपने घर लौट रहे थे। सोहागी घाटी के पास प्रयागराज से रीवा की ओर आ रहा बल्कर ट्रक ऑटो को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और भारी-भरकम ट्रक ऑटो पर पलट गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
मौत का खौफनाक मंजर
ऑटो में कुल 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, एक ने अस्पताल ले जाते वक्त, और दो अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे, एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक जयसवाल परिवार के बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान:
रामजीत जयसवाल (38)
पिंकी जयसवाल (35)
अंबिका जयसवाल (8)
हीरालाल जयसवाल (65)
कुमारी मानवी जयसवाल (7)
अरविंद जयसवाल (6)
सौरभ जयसवाल (12)
घायलों की पहचान:
रविता जयसवाल
कुमारी अदिति जयसवाल (5)
प्रियांशु जयसवाल (10)
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि हादसे के बाद सोहागी घाटी से टोल प्लाजा तक लगभग तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। घायलों को तुरंत संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।




