लापरवाह डॉक्टर्स, अभद्र नर्सें और गंदगी के खिलाफ शिवसेना का तीखा विरोध, CMHO को सौंपा ज्ञापन
जिला अस्पताल बना व्यापार का अड्डा, मनमर्जी डॉक्टरों से बेहाल जनता: विवेक पांडे

सीधी: शिवसेना ने जिला अस्पताल की अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। शिवसेना इकाई ने जिला कलेक्टर के नाम जिला CMHO को ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल की गंभीर समस्याओं पर तत्काल सुधार की मांग की है।
शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने कहा कि जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। जिम्मेदार डॉक्टर समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचते, जिससे मरीजों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। कई डॉक्टर हफ्तों तक नदारद रहते हैं, जिससे गंभीर मरीजों की मौत का खतरा बढ़ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की नर्सें तानाशाही रवैया अपनाकर मरीजों और गर्भवती महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रही हैं। डिलीवरी और ऑपरेशन के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है और गरीब मरीजों को ब्लैकमेल किया जा रहा है।
जिला अस्पताल के अंदर और बाहर अवैध वसूली का जाल फैल चुका है। खासकर अस्पताल की नई बिल्डिंग में जहां गर्भवती महिलाओं का इलाज होता है, वहां पीड़ित परिवारों की लगातार शिकायतें आ रही हैं।
सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब है। अस्पताल परिसर में जगह-जगह थूकना, पिक करना और कचरा फैला होना आम हो गया है, जिससे सफाईकर्मियों को काम करने में भी परेशानी हो रही है।
शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोले, जिला सहसचिव विक्रम सिंह चौहान, सीधी विधानसभा कोषाध्यक्ष लाला वर्मा, नगर सहसायोजक राजन मिश्रा सहित कई शिवसैनी मौजूद थे।




