वक्फ संपत्तियों की जानकारी अब एक क्लिक में मिलेगी, लॉन्च हुआ ‘UMEED’ पोर्टल
केंद्र सरकार ने वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और पारदर्शिता के लिए लॉन्च किया यूनिफाइड ‘UMEED’ पोर्टल

नई दिल्ली: वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने ‘Unified Waqf Management, Empowerment, Efficiency and Development’ यानी ‘UMEED’ पोर्टल लॉन्च कर दिया है। इस पोर्टल के माध्यम से वक्फ संपत्तियों की पूरी जानकारी अब सिर्फ एक क्लिक में आसानी से उपलब्ध होगी।
अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि यह पोर्टल वक्फ संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन के लिए एकल खिड़की के रूप में काम करेगा। पोर्टल पर वक्फ करने वाले और वक्फ संपत्ति के प्रबंधक (मुतवल्ली) संबंधित सभी जानकारियाँ दर्ज करेंगे, जिन्हें जिला या वक्फ बोर्ड के अधिकारी सत्यापित करेंगे। इसके बाद प्रत्येक वक्फ संपत्ति को 17 डिजिट की यूनिक आईडी जारी की जाएगी।
पोस्ट किए गए डेटा के आधार पर वक्फ संपत्ति से जुड़ी आपत्तियाँ भी पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकेंगी। यदि किसी संपत्ति को लेकर विवाद होता है तो उसके लिए तीन स्तर की अपील व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
‘UMEED’ पोर्टल ऐसे समय पर लॉन्च हुआ है, जब ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का ऐलान किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में एक क्रांतिकारी और ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने कहा, “राज्य सरकारों और वक्फ बोर्डों को तय समय सीमा में संपत्तियों का रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा, जिसके बाद उनके विकास और प्रबंधन पर काम होगा। इससे वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग पर रोक लगेगी।”
पहले जानकारी के अभाव में केवल कुछ लोग ही वक्फ संपत्तियों के बारे में जानते थे, लेकिन अब यह पोर्टल पूरी पारदर्शिता लाएगा और सभी के लिए खुली जानकारी उपलब्ध कराएगा। मंत्रालय पोर्टल के संचालन के साथ ही इसकी मॉनिटरिंग भी करेगा।
सेंट्रल वक्फ काउंसिल, राज्य वक्फ बोर्ड और मंत्रालय की तकनीकी टीम ने इस पोर्टल को समावेशी और उपयोगकर्ता-मित्रवत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है।




