सोन नदी में रात के अंधेरे में रेत का खेल, वन विभाग ने दो टाटा 407 पकड़े

सीधी। सोन नदी में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने देर रात कार्रवाई करते हुए दो टाटा 407 वाहन जब्त किए हैं। दोनों वाहनों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर उन्हें सुरक्षार्थ कोतवाली सीधी परिसर में खड़ा कराया गया है।
जानकारी के अनुसार 1-2 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिलने पर सोन घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र की टीम ने बीट पिपरोहर स्थित सोन नदी के करही घाट पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए गए दोनों वाहनों को मौके से जब्त किया गया।
यह कार्रवाई संजय टाइगर रिजर्व सीधी के उप संचालक राजेश कन्ना टी.के. के निर्देशन और सोन घड़ियाल अभयारण्य के अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। टीम का नेतृत्व परिक्षेत्र अधिकारी कैलाश चंद्र उइके और मुकेश अलावा ने किया।
वन विभाग के अनुसार जब्त वाहनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा श्रमिकों की टीम का योगदान रहा।


