तहसीलदार कोर्ट में अनियमितताओं पर कलेक्टर का सख्त एक्शन: तहसीलदार सरई अटैच, कोर्ट रीडर निलंबित

सिंगरौली: तहसीलदार न्यायालय में सामने आई गंभीर अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है। जांच में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के तथ्य सामने आने के बाद तहसीलदार सरई को तत्काल प्रभाव से कलेक्ट्रेट कार्यालय से अटैच कर शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।

मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार कोर्ट के रीडर को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही नायब तहसीलदार एवं एक अन्य रीडर को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने स्पष्ट किया है कि न्यायालयीन कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय में लंबित सभी मामलों का शीघ्र, पारदर्शी और नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से राजस्व न्यायालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही यह संदेश भी साफ है कि न्यायालयीन कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर अब सीधे और कठोर कदम उठाए जाएंगे।




