सीधी में ठंड का कहर: बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला

सीधी: जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीधी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तापमान में लगातार गिरावट और ठंड के प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, अवकाश के दौरान शिक्षकों को नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का संपादन करना होगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग, जिला शिक्षा अधिकारी सीधी, जिला पंचायत सीधी सहित जिले के सभी शासकीय व अशासकीय विद्यालयों को सूचनार्थ भेज दी गई है।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि शीतलहर के इस दौर में बच्चों का विशेष ध्यान रखें और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं।




