चुरहट पुलिस की बड़ी सफलता: दंपत्ति गिरफ्तार, 20 किलो गांजा जब्त, एसपी ने टीम को किया सम्मानित

सीधी। थाना चुरहट पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने ग्राम झलवार निवासी एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया और उनके पास से मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन भी जब्त किए। जब्त किए गए मादक पदार्थ और सामान का कुल मूल्य लगभग 4 लाख 12 हजार रुपये आंका गया है।
चुरहट पुलिस की कार्रवाई में गांजा और सामान जब्त
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव और एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दीपक बघेल ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर से सूचना मिली थी कि नागेंद्र पटेल अपनी पत्नी निशा पटेल के साथ मोटरसाइकिल से गांजा लेकर चुरहट बाईपास की ओर आ रहा है।
चुरहट पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया गांजा
सूचना पर पुलिस ने ग्राम सर्रा बाईपास पर घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। तलाशी में बोरी से 20 पैकेट गांजा मिला, जिसका कुल वजन 20 किलो और अनुमानित कीमत 3,20,000 रुपये बताई गई। साथ ही मोटरसाइकिल (कीमत 80,000 रुपये) और मोबाइल (कीमत 12,000 रुपये) भी जब्त किए गए।
चुरहट पुलिस ने दर्ज किया एनडीपीएस एक्ट प्रकरण
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 8/20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त गांजा को सील कर सुरक्षित रखा गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहाँ से लाए थे और किन्हें आपूर्ति करने वाले थे।
चुरहट पुलिस की टीम को एसपी ने दी बधाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपक बघेल, एएसआई मनोज प्रजापति, प्रधान आरक्षक लल्लू विश्वकर्मा, आरक्षक विवेक द्विवेदी, उदय प्रकाश तिवारी, आनंद सिंह, तिलक राज सिंह और महिला आरक्षक आकांक्षा सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने पूरी टीम की सराहना की और पुरस्कार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि, “नशे का अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को नशे से मुक्त सुरक्षित वातावरण देना हमारी प्राथमिकता है।”




