समय-सीमा बैठक में जनविश्वास अभियान की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के दिए निर्देश

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में हुई समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान समेत जिले से जुड़े कई अहम मुद्दों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित के कामों में तेजी लाने और शिकायतों का समय पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आम लोगों से सीधे जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विकासखंडों में अभियान से संबंधित गतिविधियां लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का अगला जिलास्तरीय शिविर 21 अगस्त को कुसमी विकासखंड के टमसार में आयोजित होगा।
कलेक्टर ने जिले में बाढ़ और अतिवृष्टि की स्थिति पर नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई करने को कहा। जर्जर और अनुपयोगी सरकारी भवनों को चिन्हित कर नियमानुसार हटाने के निर्देश भी दिए गए।
पेयजल और बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जल स्रोतों का नियमित क्लोरीनेशन कराने तथा लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। आदिवासी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता से सुधारने और स्कूलों के आसपास लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
रक्षाबंधन से पहले जिले के सभी छात्रावासों का निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास में नशे की हालत में कोई व्यक्ति मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए। बालिका छात्रावासों में पुरुषों की अनधिकृत मौजूदगी रोकने और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को भी कहा गया।
बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों से शासन की प्राथमिकताओं और जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।




