कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा, कलेक्टर विकास मिश्रा ने किया ध्वजारोहण

सीधी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीधी कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर विकास मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान की गूंज से पूरा कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा।
इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और वीर सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता का सम्मान तभी सार्थक है, जब हम अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करते हुए देश और समाज के विकास में योगदान दें।
कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि शासकीय सेवा आमजन की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विभागों से समन्वय और टीम भावना के साथ जिले के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में शासकीय सेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के साथ अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। कलेक्टर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




