नशे के कारोबार पर बड़ा वार, मेडिकल स्टोर से 658 ट्रामाडोल गोलियां जब्त

सीधी। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक मेडिकल स्टोर से 658 ट्रामाडोल युक्त नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पुलिस अब इन दवाओं के सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मेडिकल स्टोर में बिना वैध दस्तावेजों के प्रतिबंधित नशीली दवाएं रखी गई हैं। सूचना के आधार पर पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की।
छापे में मिली बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं
कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक राकेश गुप्ता के कब्जे से 658 ट्रामाडोल युक्त गोलियां बरामद की गईं। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत 9,724 रुपये बताई गई है। जांच के दौरान आरोपी इन दवाओं से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स रूल्स, 1945 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच के बाद अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद ट्रामाडोल गोलियां कहां से लाई गई थीं और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही हैं।
नशे के खिलाफ जारी है अभियान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




