खनिज-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत और गिट्टी परिवहन में 3 वाहन जब्त

सीधी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी Kapilmuni Shukla के मार्गदर्शन में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सिहावल तहसील क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान ग्राम हर्दी क्षेत्र में डंपर क्रमांक MP53GA3424 को अवैध रूप से खनिज गिट्टी का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच के बाद वाहन को नियमानुसार जब्त कर थाना अमिलिया में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
इसी तरह थाना अमिलिया के सामने जांच के दौरान डंपर क्रमांक MP53ZC3314 और बिना नंबर की 12 चक्का हाइवा को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों को भी जब्त कर थाना प्रभारी अमिलिया की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
प्रशासन के मुताबिक संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बिना नंबर वाहन से खनिज परिवहन किए जाने के मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। कहीं भी अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




