क्राइम

कमर्जी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11.88 लाख रुपये की अवैध नशीली कफ सिरप जब्त, विंध्य में सक्रिय तस्करी गिरोह का खुलासा

ar 728 ad
AR News Live

सीधी: जिले की थाना कमर्जी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विंध्य क्षेत्र में सक्रिय अवैध नशीली कफ सिरप तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध Onerex कफ सिरप और परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन समेत कुल 11 लाख 88 हजार 918 रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार 2.0” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सीधी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी चुरहट के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 को थाना कमर्जी पुलिस टीम अवैध मादक पदार्थों की पतासाजी के लिए ग्राम बरिगवां क्षेत्र में रवाना हुई थी। इसी दौरान पटपरा में मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक MP 53 ZD 2859 में भारी मात्रा में अवैध Onerex कफ सिरप भरकर सीधी की ओर ले जाया जा रहा है। मुखबिर ने यह भी बताया कि एक सफेद टाटा कर्व वाहन भी संदिग्ध रूप से साथ चल रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने अमल्लकपुर-कोलघाट मार्ग पर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान कोलघाट रोड की पहाड़ी पर संदिग्ध बोलेरो लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने पंचों और वीडियोग्राफी की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जिसमें पांच बोरियों में भरे कार्टूनों से 912 शीशी Onerex कफ सिरप बरामद की गईं।

पुलिस के मुताबिक प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी, जिसमें Codeine Phosphate पाया गया। बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा 91,200 एमएल और कुल वजन लगभग 124 किलोग्राम बताया गया है। जब्त कफ सिरप की अनुमानित कीमत 1 लाख 83 हजार 768 रुपये आंकी गई है, जबकि बोलेरो वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई।

तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से आरोपी प्रीतम पटेल उर्फ सनी निवासी चिलरी खुर्द थाना कमर्जी के दस्तावेज, बैंक कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और 5,150 रुपये नगद भी मिले। विवेचना में सामने आया कि आरोपी प्रीतम पटेल उर्फ सनी और अनिल पटेल उर्फ डीजे वाला निवासी दादर पोस्ट लकोड़ा, थाना कमर्जी, रीवा क्षेत्र से अवैध नशीली कफ सिरप लाकर विंध्य क्षेत्र में तस्करी करते थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी, आर्थिक सहायता और अवैध कारोबार को संरक्षण देने में संलिप्त पाए गए हैं। टनल मोहनिया के सीसीटीवी फुटेज में भी दोनों की गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस दबिश की भनक लगते ही आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

मामले में थाना कमर्जी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8, 21, 22, 27-A एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और मोबाइल सीडीआर व सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इन्द्राज सिंह, प्रधान आरक्षक अभय वर्मा, आरक्षक मुकेश रावत, दीपक सिंह, शिवम पाण्डेय और सोनू यादव की भूमिका सराहनीय रही।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button